Garhwa(Nityanand Dubey) : जनसेवा और क्राइम कंट्रोल के संकल्प के साथ काम कर रही गढ़वा पुलिस ने आज एक बड़ी कामयाबी हासिल की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद 53 खोये और चोरी हुये मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस लौटाये। मोबाइल लौटाते समय लाभार्थियों के चेहरों पर दिखी खुशियां पुलिस की इस पहल की कामयाबी बयां कर गई।प्रेस कॉन्फ्रेंस में SP अमन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम लगातार खोये मोबाइल की बरामदगी के लिये विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि मोबाइल खोते ही CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायें। SP ने कहा कि
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस नेटवर्क सक्रिय होकर मोबाइल ट्रैकिंग शुरू कर देता है। तकनीक और फौरी कार्रवाई की वजह से आज इतने अधिक मोबाइल लोगों को वापस मिल सके हैं।
इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद फोन की संख्या इस प्रकार रही, मेराल 20, रंका 6, धुरकी 5, नगर ऊंटारी 4, चिनिया 4, मझियांव 3, रमकंडा 3, बर्डीहा 2, बिशुनपुरा 2, भवनाथपुर 2, केतार 1 एवं बड़गड़ 1।सभी मोबाइल सही जांच-पड़ताल और कानूनी प्रक्रिया के बाद मालिकों को सौंपे गये। मोबाइल बरामदगी में बेहतर काम करने वाले मेराल के थानेदार विष्णुकांत को SP अमन कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। थानेदार ने इसे पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया।






