Chatra : चतरा के चांदनी होटल में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस की छापेमारी के बाद कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। चांदनी होटल में सेक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद पुलिस ने पांच युवतियों समेत कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस बात का खुलासा आज SDPO सन्नी वर्धन ने सदर थाना परिसर में मीडिया के सामने किया।
‘बेहतर कमाई’ का झांसा देकर बुलाने का इल्जाम
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हिरासत में ली गई संचालिका ने पुलिस को बताया कि होटल संचालक की सहमति से वहां धंधा चल रहा था। सुंदर लड़कियों को बेहतर कमाई दिलाने का झांसा देकर यहां बुलाया जाता था। कुछ युवतियों को दूसरे शहरों से लाकर होटल में रखा गया था। पुलिस अब इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। खबर है कि कुछ नियमित ग्राहकों से पहले WhatsApp के जरिये संपर्क किया जाता था। इल्जाम है कि ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पसंद और रकम तय होने के बाद उन्हें होटल बुलाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। SDPO सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस कप्तान अनिमेष नैथानी को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुये तुरंत स्पेशल टीम बनाई गई। इसके बाद SDPO के नेतृत्व में टीम ने होटल में दबिश दी और वहां मौजूद लोगों की जांच शुरू की।








