Bihar : बिहार के रेल यात्रियों के लिये जरूरी खबर है। 30 अगस्त से 4 सितंबर तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, कई का रूट बदलेगा और कई ट्रेनें घंटों की देरी से चलेंगी। वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर गोरखपुर कैंट और उनौला के बीच दोहरीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे ने यह बदलाव किया है। 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस 1 और 2 सितंबर को बदले रूट से चलेगी। ट्रेन रोजा-लखनऊ-अयोध्या कैंट-वाराणसी-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर होकर दरभंगा जायेगी। इस दौरान मोतिहारी, चकिया, पिपरा, मेहसी, सुगौली, बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, हरिनगर और बगहा में इसका ठहराव नहीं होगा।
कई ट्रेनें घंटों लेट
NI कार्य का असर प्रमुख ट्रेनों पर भी पड़ेगा। सप्तक्रांति एक्सप्रेस 3 सितंबर को 4 घंटे देर से रवाना होगी। बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस 5 घंटे री-शेड्यूल रहेगी। बांद्रा-बरौनी अवध एक्सप्रेस 31 अगस्त को 2 घंटे देर से चलेगी। सत्याग्रह एक्सप्रेस 31 अगस्त को 60 मिनट देर से चलेगी और 31 अगस्त व 4 सितंबर को रास्ते में भी नियंत्रित की जायेगी। चंपारण हमसफर 3 सितंबर को 75 मिनट री-शेड्यूल रहेगी।
तीन पैसेंजर ट्रेनें रद्द
55095, 55098 और 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर 31 अगस्त से 4 सितंबर तक रद्द रहेंगी। वहीं 55040 बढ़नी-नरकटियागंज पैसेंजर 30 अगस्त से 3 सितंबर तक रोजाना 4 घंटे की देरी से चलेगी।
इन एक्सप्रेस ट्रेनों का भी बदलेगा रूट
बिहार संपर्क क्रांति, शहीद एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस और जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जायेगा। इनका रूट वाराणसी-अयोध्या-बाराबंकी किया गया है। इससे कुछ स्टेशनों पर ठहराव प्रभावित हो सकता है।
चंपारण के यात्रियों के लिए अलर्ट
इस बदलाव का सबसे सीधा असर मोतिहारी और चंपारण क्षेत्र के यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन निकलने से पहले NTES ऐप या रेलवे पूछताछ सेवा पर ट्रेन का रूट और समय जरूर जांच लें।







