Bihar : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन को पटना की MP/MLA कोर्ट से जमानत मिल गई है। यह राहत उन्हें 1995 के गर्दनीबाग थाना से जुड़े पुराने आपराधिक मामले में मिली है, जिसमें गिरफ्तारी के बाद वे पिछले तीन दिनों से न्यायिक हिरासत में थे। कोर्ट में सुनवाई के बाद जमानत मंजूर की गई। इससे पहले शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें PMCH में इलाज के लिए भेजा गया था। गर्दनीबाग मामले में आरोप है कि शिकायतकर्ता का मकान धोखे से किराये पर लेकर उस पर कब्जा कर लिया गया। इस केस में पहले से जारी बेल बॉन्ड टूटने के कारण उनकी गिरफ्तारी हुई थी।
हालांकि, इस मामले में जमानत मिलने के बावजूद पप्पू यादव की तुरंत रिहाई नहीं हो सकी। वजह है पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना में दर्ज एक नया मामला, जिसमें उन पर गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने का आरोप है। इस केस में पप्पू यादव समेत 20 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। बुद्धा कॉलोनी थाना के मामले की सुनवाई कल होनी है। इसके बाद ही तय होगा कि पप्पू यादव को इस केस में भी राहत मिलती है या उन्हें कुछ और समय जेल में रहना पड़ेगा।












