Kohramlive : दुबई में खेले गये एशिया कप 2025 फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। लेकिन जश्न के इस मौके पर पोस्ट-मैच समारोह विवाद का केंद्र बन गया। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी ने भारतीय खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देने की कोशिश की, जबकि टीम इंडिया ने पहले ही ऐलान किया था कि वे उनके हाथ से ट्रॉफी नहीं लेंगे। करीब एक घंटे तक तनाव का माहौल रहा। ACC अधिकारियों ने समाधान की कोशिश की, लेकिन नकवी जिद पर अड़े रहे और अंततः आयोजकों ने चुपचाप ट्रॉफी भारतीय टीम को सौंप दी। इस दौरान नकवी ट्रॉफी लेकर स्टेज से निकल गये।
मामला यहीं नहीं थमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की जीत पर ट्वीट कर बधाई दी, तो नकवी ने जवाब में राजनीतिक टिप्पणी कर विवाद और बढ़ा दिया। नकवी ने पुराने युद्धों का हवाला देते हुये भारत पर तंज कसा, जिस पर भारतीय फैंस और विश्लेषकों ने उन्हें खेल को राजनीति में घसीटने के लिए जमकर लताड़ा। भारतीय टीम ने पूरे प्रकरण में अनुशासन और संयम बनाये रखा। खिलाड़ियों ने न सिर्फ मैदान पर जीत दर्ज की, बल्कि राजनीतिक बयानबाजी से दूरी बनाकर खेल की गरिमा भी बचाई। अब ICC और ACC पर नजरें हैं कि नकवी की इस हरकत पर आगे क्या कार्रवाई होती है।









