Bihar : पटना के जगदेवपथ निवासी अब्दुल एजाज अजहर जमील को ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर उनसे 1 करोड़ 19 लाख 53 हजार 44 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिये गये। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने फेसबुक पर जूलियस बेयर वेल्थ एडवाइजर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और फिनसोल सिक्योरिटीज लिमिटेड से संबंधित विज्ञापन और संदर्भ देखे थे। इसके बाद कुछ लोगों ने उनसे व्हाट्सऐप के जरिये संपर्क किया। इल्जाम है कि निवेश के नाम पर उन्हें जेबी एक्स वन समेत अन्य ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने को कहा गया। एप पर निवेश और कारोबार से जुड़े आंकड़े दिखाए गये, जिससे धीरे-धीरे भरोसा बढ़ता गया। साइबर ठगी के इस खेल में भरोसा जीतने के लिये शुरुआत में पीड़ित को निवेश की गई रकम में से कुछ राशि निकालने की अनुमति दी गई। रकम वापस मिलने के बाद भरोसा और मजबूत हुआ। इसके बाद निवेश बढ़ता गया। एप पर खाते में भारी मुनाफा दिखाई देने लगा। लेकिन जब पीड़ित ने अपनी रकम और कथित मुनाफा निकालना चाहा, तो कहानी ने अचानक करवट ले ली।
दो कंपनियों के नाम पर ट्रांसफर कराये 1.19 करोड़
शिकायत में पीड़ित ने दावा किया है कि अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई। जूलियस बेयर के नाम पर 79,56,451 रुपये एवं फिनसोल के नाम पर 39,96,593 रुपये यानी कुल रकम 1,19,53,044 रुपये ट्रांसफर कराये गये। शिकायत के मुताबिक, एप पर निवेश की रकम पर भारी मुनाफा दिखाया जा रहा था। लेकिन जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो उससे मुनाफे का 20 प्रतिशत जमा करने को कहा गया। यहीं पीड़ित को पूरे मामले पर संदेह हुआ। उन्हें आशंका हुई कि कहीं यह निवेश नहीं, बल्कि साइबर ठगी का जाल तो नहीं है। पीड़ित ने पुलिस को कुछ ऐसे लोगों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराये हैं, जो कथित तौर पर संबंधित कंपनियों से जुड़े होने का दावा कर रहे थे। शिकायत में कुणाल और सोनल के साथ-साथ गुल और अनन्या समेत कई लोगों की भूमिका की जांच की मांग की गई है। पीड़ित ने पुलिस से लाभार्थी बैंक खातों की केवाईसी, बैंक ट्रांजेक्शन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। वहीं, जिन खातों में रकम पहुंची है, उनमें उपलब्ध धनराशि को तत्काल फ्रीज कराने और ठगी की रकम की रिकवरी के लिये कार्रवाई की मांग की गई है।








