Garhwa(Nityanand Dubey) : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रज्ञा नगर, कल्याणपुर स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में स्थापित शिव मंदिर का वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूबा रहा और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयघोष से शक्तिपीठ परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार की शाम 12 घंटे के अखंड कीर्तन के साथ हुई। कीर्तन की प्रथम टोली का नेतृत्व व्यास राजबलि पासवान (जाटा निवासी), प्रभुदयाल प्रजापति, नंदू ठाकुर और नंदू प्रजापति ने किया। इसके बाद दूसरी पाली में शिवपूजन व्यास व महेंद्र शर्मा की टीम ने कीर्तन की कमान संभाली। पूरी रात चले अखंड कीर्तन से कल्याणपुर समेत आसपास का क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर रहा। रविवार सुबह समापन आरती के साथ अखंड कीर्तन संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक
अखंड कीर्तन की समाप्ति के बाद शक्तिपीठ परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजन एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक में भाग लेकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान ‘ओम नमः शिवाय’ के मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पूजन कार्यक्रम गायत्री परिवार के संतान मिश्र द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुये संतान मिश्र ने महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अत्यंत दयालु और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं, सच्चे मन से की गई उनकी आराधना कभी निष्फल नहीं जाती। कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी संजय सोनी, शोभा सोनी, जिला समन्वयक विनोद पाठक, शोभा पाठक, सरयू चंद्रवंशी और विनय चंद्रवंशी की सराहनीय भूमिका रही। वहीं, प्रभुदयाल प्रजापति, अखिलेश कुशवाहा, संजय कमलापुरी, मीना कमलापुरी, अनीता देवी, पूनम चौबे, सरिता तिवारी, ममता तिवारी, प्रोफेसर संत कुमार, उर्मिला देवी, शकुंतला देवी, नंदू ठाकुर, चन्द्रमनी कुमार, गौतम कुमार, सुनील बिहारी, ध्रुव कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।








