Bihar : कैमरे के सामने कुछ पल की जिंदगी कैद करने का शौक बुधवार की सुबह एक परिवार के लिये मातम की वजह बन गया। मझौलिया थाना क्षेत्र के हरपुर गढ़वा पंचायत के वार्ड नंबर-18 में रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो भाइयों के बीच मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान 55 साल के हीरामन राम की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान मारपीट हुई। इसी बीच हीरामन राम जान बचाकर भागने लगे और दौड़ते वक्त पानी में जा गिरे। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। खबर है कि हीरामन राम पिछले करीब चार महीने से रील बनाने में एक्टिव थे। उनकी पत्नी भी रील बनाती थीं। परिवार के अनुसार, उनके छोटे भाई 48 साल के विश्वनाथ राम इस बात का विरोध करते थे। बुधवार की सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बात बढ़ी तो विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद परिजनों ने छोटे भाई विश्वनाथ राम पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया। आरोपों के बाद गांव में तनाव और तरह-तरह की बातें होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाये। पुलिस पूरे मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है।





