Hazaribagh(Sunil Sahu) : भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुये NTPC Mining Limited अब एक पूर्णकालिक समर्पित खनन कंपनी के रूप में उभरकर सामने आई है। NTPC Limited की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी NTPC माइनिंग लिमिटेड (NML) ने 1 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। कंपनी ने NTPC लिमिटेड की सभी खनन परिसंपत्तियों के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिससे यह देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में और अधिक सक्षम हो गई है।
वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड कोयला उत्पादन(NTPC)
NML ने वित्त वर्ष 2025-26 में 44.16 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) कोयला उत्पादन हासिल किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.1% अधिक है। इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने भारत सरकार द्वारा तय 44 MMT उत्पादन लक्ष्य को भी पार कर लिया। कंपनी के मुताबिक, स्थापना से अब तक उसका कुल संचयी कोयला उत्पादन 190 MMT से अधिक हो चुका है। NML ने अपने खनन कार्यों का विस्तार करते हुये Pakri-Barwadih Coal Mine (उत्तर-पश्चिम) कैप्टिव माइन प्रोजेक्ट में भी खनन शुरू कर दिया है। इस परियोजना की व्यावसायिक संचालन तिथि 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी घोषित की गई है।
इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता में और वृद्धि होगी और देश में बढ़ती कोयला मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। सभी खनन परिसंपत्तियों के एकीकरण, नई खदान के संचालन और रिकॉर्ड 44.16 MMT कोयला उत्पादन के साथ NTPC माइनिंग लिमिटेड ने यह साबित किया है कि वह बड़े पैमाने पर और समयबद्ध तरीके से उत्पादन करने में सक्षम है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
इसे भी पढ़ें : Water : प्यास भी बुझेगी और बिजली भी जलेगी, जानें कैसे…








