Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम प्रखंड की लाली पंचायत में वर्षों से बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पंचायत के प्रवेश द्वार पर जुटे और विरोध का ऐसा अनोखा तरीका अपनाया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ग्रामीणों ने गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर ‘नरक द्वार’ का पोस्टर लगा दिया, जिस पर लिखा था—”यह लाली रास्ता यमलोक की ओर जाता है। दुर्घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी आप स्वयं होंगे। सरकार इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगी।” पोस्टर पर यमराज का चित्र भी बनाया गया था।
7 किलोमीटर सड़क बनी जानलेवा
ग्रामीणों का कहना है कि सिदरौल से लाली पंचायत तक करीब सात किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई।
चुनाव में वादे, बाद में कोई नहीं आता
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सभी नेता विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं और वोट मांगने पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पंचायत की सुध लेने कोई नहीं आता। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे बड़ी मुसीबत
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की सबसे ज्यादा मार गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को झेलनी पड़ती है। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक आने से कतराती है। मरीजों को नामकुम सीएचसी या रांची ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। यहां तक कि रिश्तेदार भी इस बदहाल सड़क की वजह से गांव आने से बचने लगे हैं।
चेतावनी- अब होगा बड़ा आंदोलन
ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे रांची-टाटा मुख्य मार्ग जाम करने, प्रखंड कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा का घेराव करने जैसे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, सड़क पर काम चाहिये।
इसे भी पढ़ें : इन राशियों के लिए लक्की रहेगा महीने का पहला दिन… जानें
इसे भी पढ़ें : CM का आदेश, हटाये गये जमशेदपुर और सरायकेला के पुलिस कप्तान…
इसे भी पढ़ें : CM के निर्देश का असर, तमिलनाडु से 42 प्रवासी श्रमिक हुये रवाना
इसे भी पढ़ें : ‘नन्हा सा दिल’ अभियान शुरु, 5,064 बच्चों की हुई हृदय जांच
इसे भी पढ़ें : जंगल और नदी किनारे चल रहा था अवैध कारोबार, पुलिस ने किया ध्वस्त…








