Ranchi / Bokaro : पढ़ने-लिखने में तेज गरीब अंकित की सोई तकदीर जाग उठी। उसकी जिंदगानी में सीएम के कदम क्या पड़े उसकी पूरी तकदीर ही बदल गई। अब अंकित पढ़ेगा-लिखेगा भी और उसका अपना घर द्वार भी होगा। उसके गरीब मां-बाप का भी भला होगा। रोड एक्सीडेंट में अंकित की मां का हाथ-पैर टूट गया था। वहीं पिता बीमार है और उनमें इतना दम नहीं कि वह ठीक से चल फिर सकें। गरीब मां-बाप के होनहार बेटे अंकित का एडमिशन कोचिंग संस्थान में हो गया। उसे किताब-कॉपी से लेकर नोटबुक तक मुफ्त में उपलब्ध कराई गई। अब उसकी पढ़ाई में कोई रोड़ा नहीं है।
वहीं, अंकित की मां बिराजू देवी को डॉ भीम राव अंबेडकर आवास स्वीकृत किया गया है। प्रखंड कार्यालय ने उन्हें आवास स्वीकृति का पत्र भी उपलब्ध करा दिया है। अब वह स्वयं सरकार से मिली राशि का इस्तेमाल कर अपने सपनों का घर बनवा सकती है। इसको लेकर अंकित और उसके घरवालों ने सीएम हेमंत सोरेन एवं बोकारो जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
यहां याद दिला दें कि युवा सीएम हेमंत सोरेन तक बात पहुंची कि बोकारो का रहने वाले अंकित कुमार ने मैट्रिक परीक्षा 2022 में करीब 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। लेकिन परिवार की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण वह आगे की पढ़ाई करने में असमर्थ है। अंकित के पिता शारीरिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी करने वाली मां का एक रोड एक्सीडेंट में हाथ-पैर टूट गया था, जिससे पूरे परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। मामले कि जानकारी के बाद सीएम ने बोकारो डीसी को मामले की जांच कर उसकी पढ़ाई के लिए हरसंभव सरकारी सहायता पहुंचाने और अंकित के परिवार को जरूरी सभी योजनाओं से जोड़ते हुए भी सूचित करने का आदेश दिया था।
अंकित खूब मन लगाकर पढ़ो और खूब आगे बढ़ो, मेरी शुभकामनाएं साथ हैं : सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि Ankit अब आप खूब मन लगाकर पढ़ो और खूब आगे बढ़ो। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। मैंने पहले भी कहा है हमारी सरकार में गरीबी को कभी किसी बच्चे की पढ़ाई में रुकावट का कारण बनने नहीं दिया जायेगा। इसलिए आज प्री और पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में भी 2-3 गुना वृद्धि कर झारखंड के लाखों बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। शिक्षा के हर स्तर पर विभिन्न योजनाओं को राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत की रहमत बरसी, संवरने लगा होनहार अंकित का भविष्य
इसे भी पढ़ें : पढ़ने-लिखने में तेज गरीब अंकित के पूरे परिवार का भला कर गए सीएम












