Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिये पुलिस ने अब तकनीक का सहारा लिया है। इलाके संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्ती को प्रभावी बनाने के लिये ‘रक्षक ऐप’ के बारकोड स्टीकर चिपकाये गये हैं। बड़कागांव के थानेदार दीपक कुमार सिंह की पहल पर करीब 25 स्थानों पर ये बारकोड लगाये गये हैं। इसके जरिये बीट पुलिसिंग के तहत पुलिस गश्ती दल की गतिविधियों की निगरानी और सत्यापन किया जायेगा।
पेट्रोल पंप से चौक-चौराहों तक बारकोड
पुलिस के मुताबिक, बड़कागांव थाना क्षेत्र में ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की नियमित मौजूदगी जरूरी है। इनमें पेट्रोल पंप, बड़कागांव रेंज, मुख्य चौक-चौराहे, संवेदनशील स्थान, अतिसंवेदनशील स्थान समेत करीब 25 जगहें शामिल हैं। इन स्थानों पर ‘रक्षक ऐप’ के बारकोड वाले स्टीकर लगाये गये हैं।
स्कैन होगा बारकोड, दर्ज होगी पुलिस की मौजूदगी
बारकोड लगाने का मुख्य उद्देश्य पुलिस गश्ती दल की निगरानी और सत्यापन करना है। गश्ती के दौरान पुलिसकर्मी संबंधित स्थान पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करेंगे। इससे यह रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी कि पुलिस टीम कब और किन स्थानों पर पहुंची। यानी अब सिर्फ पुलिस की गाड़ी सड़क पर घूमती नजर नहीं आयेगी, बल्कि उसकी गश्ती का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा। थानेदार दीपक कुमार सिंह के अनुसार, बड़कागांव थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुये बीट पुलिसिंग के तहत पेट्रोलिंग की जायेगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की घटना की स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया तेज हो सके।







