Hazaribagh : नदियों पर रोक का पहरा है, लेकिन सड़कों पर बालू से लदे ट्रैक्टरों की बेखौफ आवाजाही जारी है। हजारीबाग के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार को लेकर अब ग्रामीणों ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं। ग्रामीणों का दावा है कि NGT की रोक के बावजूद दिन के उजाले में बालू लदे ट्रैक्टर इलाके के अलग-अलग रास्तों से गुजर रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, एंजेल स्कूल के आसपास भी दिन के समय बालू लदे ट्रैक्टरों का आवागमन देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद बालू की तस्करी चौंकाने वाली है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बालू उठाव से नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो सकता है। इसका असर नदी के जलस्तर, पर्यावरण और आसपास के इलाकों पर भी पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में इसका खामियाजा स्थानीय पर्यावरण और नदी तंत्र को भुगतना पड़ सकता है।
SP से ग्रामीणों ने लगाई कार्रवाई की गुहार
मामले को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस कप्तान से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि बालू के अवैध उठाव की जांच हो। बालू लदे वाहनों के परिचालन की जांच की जाये।
अवैध कारोबार में शामिल लोगों और वाहनों की पहचान हो। नियमों का उल्लंघन पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जाये। नदी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाये।







