Kohramlive : भारतीय जनता पार्टी को जल्द नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। नितिन नबीन ने सोमवार को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। उनके नामांकन के प्रस्तावक के तौर पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन का 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत शीर्ष नेतृत्व उनके नाम पर पूरी तरह सहमत है। नामांकन के दौरान दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान मंगलवार को किया जायेगा। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन हाल ही में पार्टी के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट बनाये गये थे। बीजेपी के संविधान के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नेशनल और स्टेट काउंसिल के प्रतिनिधियों वाले इलेक्टोरल कॉलेज द्वारा किया जाता है।




