Patna : बिहार की सियासत में चुनावी हलचल के बीच JDU के भीतर चल रही खींचतान ने अब नया मोड़ ले लिया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से पहले पूर्व CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। पटना स्थित JDU प्रदेश कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद निशांत कुमार ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से नीरज कुमार को प्रथम वरीयता का वोट देकर फिर से विधान परिषद भेजने की अपील की। JDU में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही खींचतान के बीच निशांत कुमार का नीरज के समर्थन में सामने आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। निशांत ने अपने कदम से साफ संकेत दिया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वह पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार के साथ खड़े हैं। हालांकि, जब उनसे अनंत सिंह की नाराजगी को लेकर सवाल किया गया तो निशांत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वह मुस्कुराते हुये वहां से निकल गये।
नीरज के पुराने जुड़ाव और अनुभव का किया जिक्र
बैठक के बाद सोशल मीडिया पर अपने संदेश में निशांत कुमार ने नीरज कुमार के राजनीतिक सफर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार समता काल से पार्टी से जुड़े रहे हैं और लगातार तीन कार्यकाल से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। निशांत ने उन्हें समाजवादी विचारधारा से जुड़ा नेता बताते हुये बिहार की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। उन्होंने मतदाताओं से 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में नीरज कुमार को प्रथम वरीयता का वोट देकर फिर से विधान परिषद भेजने की अपील की। निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच जाकर पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुये विकास कार्यों की जानकारी दें। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को गिनाते हुये कहा कि मतदाताओं को बताया जाये कि वर्ष 2005 में बिहार कहां था और आज राज्य कितना आगे बढ़ा है। उन्होंने NDA के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए इसे नीतीश कुमार के 20 वर्षों के प्रयासों और विकसित बिहार के संकल्प से जोड़कर पेश किया। निशांत कुमार के समर्थन के बाद नीरज कुमार भी उत्साहित नजर आये। उन्होंने कहा कि सोमवार को उनका नामांकन ऐतिहासिक होगा और नामांकन के बाद सब कुछ साफ हो जायेगा। नीरज कुमार ने कहा कि वह नीतीश कुमार के सिद्धांतों पर चलने वाले नेता हैं और उन्हें नीतीश कुमार के साथ-साथ निशांत कुमार का भी पूरा समर्थन प्राप्त है।
‘पार्टी बड़ी है, किसी की नाराजगी से फर्क नहीं’
अनंत सिंह की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार ने दो टूक कहा कि किसी के नाराज होने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि पार्टी सबसे बड़ी होती है। वहीं, अनंत सिंह के साथ सुलह की संभावना पर उन्होंने कहा कि वह इन बातों में नहीं पड़ते। बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिये चुनाव होना है। इनमें 4 शिक्षक और 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है।





