Ranchi : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटकती हालत में मिला। घटना काली मंदिर रोड की है। मृतका की पहचान सुमन के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। बताया गया कि उसके पति बेंगलुरु में नौकरी करते हैं।
पति से हुई थी वीडियो कॉल और चैट
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सुमन की अपने पति से वीडियो कॉल और चैट हुई थी। इसके कुछ देर बाद कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां सुमन फंदे से लटकी मिली। घरवाले उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गये, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। डोरंडा थाना पुलिस ने महिला का मोबाइल जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक मौत के पीछे छिपे कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया था।















