Bihar : बिहार सचिवालय में अब अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली, पहनावे और कार्यालय उपस्थिति को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। सरकार का मकसद है कि सचिवालय में बेहतर कार्य संस्कृति, जवाबदेही और समय पालन को मजबूत किया जाये। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र की ओर से जारी निर्देशों में कई अहम बदलाव किये गये हैं। नई व्यवस्था के तहत अधिकारी और कर्मचारी अब कार्यालय में कैजुअल ड्रेस, जींस या टी-शर्ट पहनकर नहीं आ सकेंगे। सभी कर्मियों को साफ-सुथरे, व्यवस्थित और कार्यालय की गरिमा के अनुरूप परिधान पहनने होंगे। इसके साथ ही कार्यालय अवधि में ID कार्ड पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
देर से पहुंचने वालों पर होगी कार्रवाई
सरकार ने समय पालन को लेकर भी सख्ती दिखाई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचना होगा और तय समय तक अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर देर से आने, समय से पहले कार्यालय छोड़ने या बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों से जवाब मांगा जायेगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। अगर किसी कर्मचारी को किसी कारणवश देर से कार्यालय पहुंचना है या समय से पहले निकलना है, तो पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। आपात स्थिति में फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से भी अनुमति ली जा सकती है, लेकिन सामान्य परिस्थितियों में बिना अनुमति कार्यालय छोड़ना नियमों के खिलाफ माना जायेगा।
छुट्टी के लिये भी नये नियम
नई गाइडलाइन में अवकाश को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं। अब बिना स्वीकृति के छुट्टी लेना संभव नहीं होगा। किसी आकस्मिक परिस्थिति में कर्मचारी को पहले अपने संबंधित अधिकारी को फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना देनी होगी। इसके बाद ही अवकाश की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कई सेवा संवर्गों की संरचना और पदनाम में बदलाव हुये हैं। इसी को देखते हुये नई कार्य प्रणाली और जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया है। गाइडलाइन में आशुलिपिक, सचिवालय सहायक, वरीय सचिवालय सहायक, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी और प्रशाखा पदाधिकारी समेत विभिन्न पदों के कार्य और दायित्वों का उल्लेख किया गया है। सरकार का कहना है कि यह गाइडलाइन केवल नियमों का संग्रह नहीं, बल्कि सचिवालय की कार्य व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक कदम है। अब अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, समय पालन और जिम्मेदारी के साथ काम करने की नई व्यवस्था का पालन करना होगा।






