Ranchi : राजधानी रांची में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में हुई चोरी के मामले में रांची पुलिस की SIT ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुये एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 65 लाख रुपये मूल्य के सोना और मोती के आभूषण बरामद किये हैं। इस कार्रवाई के साथ ही इस कांड में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
अशोक नगर में दो घरों को बनाया था निशाना
यह मामला बीते 9 जुलाई का है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में (कांड संख्या-172/26, दिनांक 09/07/2026) में केस दर्ज किया गया है। घटना में शामिल अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले के उद्भेदन के लिये पुलिस ने SIT का गठन किया था। गठित SIT ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल अपराधी की पहचान की और चोरी में इस्तेमाल किये गये जगुआर वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर-UP78EM0101) सहित चोरी के सोने के आभूषण और 17,36,200 रुपये नकद बरामद किये। इसके बाद पुलिस ने मामले में जुड़े अन्य कड़ियों को जोड़ते हुये सोना कारोबारी तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी समीर खान उर्फ कबीर खान, जो सोना कारोबारी है, की निशानदेही पर उसके ससुराल से बड़ी बरामदगी की गई। मुजफ्फरपुर के बिजय स्टोर गली, वार्ड नंबर-40, नगर थाना क्षेत्र से करीब 400 ग्राम सोना और मोती के आभूषण बरामद किये गये हैं। बरामद गहनों की बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार समीर खान उर्फ कबीर खान मुजफ्फरपुर के शुक्ला रोड, रमना, थाना नगर का रहनेवाला है। इस कांड का खुलासा करने में कोतवाली ASP निखिल राय, हटिया DSP नीरज कुमार, अरगोड़ा के थानेदार सतीश कुमार गोराई एवं अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
बिल्डर के घर चोरी करने वाला धराया मुजफ्फरपुर में, मिले 65 लाख के गहने… देखें वीडियो #RanchiNews #RanchiCrime #ArgoraPolice #TheftCase #RanchiPolice pic.twitter.com/1Oy5LPD2lq
— KohramLive (@KohramLive) July 28, 2026






