Ranchi : रांची की वादियों में बारिश की रिमझिम और झरने की कलकल संग तीन दोस्त छुट्टी का आनंद लेने निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर तीन का नहीं, अब दो का होकर रह जायेगा। दरअसल बीते कल यानि 19 जून को DPS स्कूल के म्यूजिक टीचर मेकाइल घोष, उम्र 40, अपने दोस्तों पंकज श्रीवास्तव और ऋतिक सामद के साथ जोन्हा फॉल घूमने आये थे। पानी की ठंडक, फुहारों की मस्ती और दिल से निकली हंसी… लेकिन जैसे ही मेकाइल ने सेल्फी लेने के लिए नदी की ओर कदम बढ़ाया, किस्मत ने एक खौफनाक करवट ली।
सेल्फी के दौरान फिसला पैर, और बह गई ज़िंदगी
पर्यटक मित्रों ने तीनों को रोका भी था, लेकिन वे आगे बढ़ गये। थोड़ी ही देर में दो दोस्त घबराए हुए लौटे मेकाइल सेल्फी के दौरान फिसलकर नदी में बह गये थे। उन्हें रोक नहीं पाये, बचा नहीं पाये।
NDRF की टीम जुटी तलाश में, अब भी कोई सुराग नहीं
अब जोन्हा फॉल की लहरों में मेकाइल को तलाश रही है NDRF की टीम। रस्सियों और जालियों से नदी को छाना जा रहा है, लेकिन अब तक कोई निशान नहीं मिला। थानेदार हीरालाल साह ने बताया कि स्थानीय लोग और पर्यटक मित्र भी खोज में लगे हैं।






