Garhwa(Nityanand Dubey) : भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर गुरुवार को जिला कार्यालय में रायशुमारी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल में पूरी हुई। वर्तमान जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश द्वारा नियुक्त चुनाव प्रभारियों की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की राय ली गई।प्रदेश चुनाव प्रभारी अमरदीप यादव और पर्यवेक्षक रमेश सिंह की देखरेख में रायशुमारी कराई गई। सांगठनिक नियमों के अनुसार प्रत्येक मतदाता से तीन संभावित नामों का पैनल लिखित रूप में लिया गया। इस प्रक्रिया में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि और पूर्व मंडल अध्यक्षों ने गुप्त रूप से अपनी राय दी। सभी पैनल बंद लिफाफे में प्रदेश नेतृत्व को भेज दिये गये हैं।
जिलाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार
इस बार जिलाध्यक्ष पद के लिए कई दिग्गजों के नाम सामने आये हैं। प्रमुख दावेदारों में संतोष दुबे, ओमप्रकाश केशरी, उदय कुशवाहा, उमेश कश्यप, इंद्रमणि जायसवाल, सूरज गुप्ता, मुकेश चौबे, लक्ष्मण राम, रामाशीष तिवारी, ठाकुर प्रसाद महतो, अनीता गुप्ता, अरविंद तूफानी और मधुलता कुमारी शामिल हैं। चुनाव प्रभारी अमरदीप यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की तपस्या, समर्पण और अनुशासन के कारण ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी और लोकतांत्रिक दल है, जहां साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर संगठन में ऊंचा स्थान प्राप्त कर सकता है। वहीं पर्यवेक्षक शोभा यादव ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका आंतरिक लोकतंत्र है। कार्यकर्ताओं की राय जानने के बाद ही नेतृत्व का चयन किया जाता है, जो पार्टी की विशिष्ट पहचान है। जिला महामंत्री संतोष दुबे के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में शारदा महेश प्रताप देव, अलखनाथ पाण्डेय, मुकेश निरंजन सिन्हा, विवेकानंद तिवारी, प्रमोद चौबे, राजीव रंजन तिवारी, संजय ठाकुर, ओमप्रकाश गुप्ता, रितेश चौबे, बबलू पटवा, डॉ. पतंजलि केशरी, मीना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






