Garhwa : गढ़वा के संग्रहे खुर्द गांव में हुई शबनम खातून की संदिग्ध मौत हो गई। दहेज हत्या के लगे इल्जाम के बाद शबनम की डेड बॉडी को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अब इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई उजागर करने की कोशिश में है। ससुराल पक्ष ने इसे सांप के काटने से हुई मौत बताया है। शबनम की शादी बीते साल 24 मार्च को शाहनवाज अंसारी से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही उस पर 5 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। जब दो महीने पहले उसने बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वालों के ताने और प्रताड़ना और बढ़ गई। शबनम के मायके वालों का इल्जाम है कि बीते 19 फरवरी को उसकी हत्या कर दी गई और इसे सर्पदंश का रूप देने की कोशिश की गई। जब माता-पिता पहुंचे, तो शव को जल्दबाजी में दफनाने की तैयारी थी। विरोध के बावजूद, उनकी बात नहीं सुनी गई। शबनम की मां ने पति, ससुर, सास और ननद पर हत्या और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया है। SDPO ने मीडिया को बताया कि कोर्ट के आदेश पर पोस्टमार्टम किया गया है और आगे की जांच जारी है।







