Ranchi : देवघर के जमुनिया मोड़ के पास बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 6 कांवरियों की दर्दनाक मौत और कई श्रद्धालुओं के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस हृदयविदारक हादसे पर राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने गहरा शोक जताया है।
डॉ. वर्मा ने कहा, “श्रद्धालु कांवरियों की अकाल मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। बाबा धाम जा रहे इन श्रद्धालुओं की मौत से मन व्यथित है। दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को धैर्य देने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि घायलों को तत्काल और समुचित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाये तथा मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा व सहायता प्रदान की जाए। सांसद वर्मा ने आगे कहा कि “श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। प्रशासन को भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।”
इधर झारखंड सरकार की तरफ से मृतकों के आश्रितों के लिए 1-1 लाख और घायलों के लिए 20-20 हजार की सहायता राशि वहीं बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का ऐलान किया गया है।












