Ranchi : बंगाल की खाड़ी में उठा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब कई राज्यों में अपना कहर बरपा रहा है। झारखंड, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, उत्तर प्रदेश समेत पूरे पूर्वी भारत में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
‘मोंथा’ का असर और आगे की चेतावनी
IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठा यह तूफान अब धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है। पूर्व-मध्य अरब सागर पर बना दबाव क्षेत्र अभी भी सक्रिय है, जिसके कारण कई राज्यों में तेज़ हवाएं और भारी बारिश हो रही है। 31 अक्टूबर को बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने को तैयार
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 3 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना
30 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज और आंधी के साथ बारिश।
31 अक्टूबर – 1 नवंबर: अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश।
विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बिजली गिरने का खतरा।
IMD के मुताबिक, 3 से 5 नवंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश और हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है। जिससे ठंड बढ़ सकती है।












