Kohramlive : दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दक्षिण कोरिया से आई एक महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ पर गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर नये सिरे से सवाल उठने लगे हैं। घटना ताजमहल के पूर्वी गेट के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर ने अचानक महिला के हाथ पर काट लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला दर्द से कराहती हुई दिखाई दे रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत इलाज के लिये पास की डिस्पेंसरी ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में उसके साथ मौजूद व्यक्ति बार-बार इलाज की व्यवस्था के बारे में पूछता भी सुनाई देता है।
ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची और घायल पर्यटक को प्राथमिक उपचार के बाद ई-रिक्शा से एक निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। ASI के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल एंबुलेंस बुलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ASI ने इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को रिपोर्ट भेजते हुये एंबुलेंस चालक की कथित लापरवाही का भी उल्लेख किया है।
बंदरों के बढ़ते आतंक पर फिर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल ताजमहल के आसपास बंदरों की बढ़ती संख्या और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। कई लोगों ने सवाल उठाया कि देश के सबसे व्यस्त पर्यटन स्थलों में से एक पर सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं और मजबूत क्यों नहीं हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रशासन से बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान और पर्यटकों के लिये बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, कुछ लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और प्रतिक्रिया समय को लेकर भी चिंता जताई।
A monkey attacked a South Korean woman tourist at the Taj Mahal in Agra, biting her on the hand and causing bleeding.
The injured tourist reportedly had to wait for nearly an hour for an ambulance while she remained in severe pain.
— Her companion asked people, “Where do we go?”… pic.twitter.com/uZgSFblG0V— زماں (@Delhiite_) July 28, 2026






