Ranchi : सावन की पावन बेला में राजधानी रांची एक बार फिर मां आदिशक्ति श्री जीण भवानी की भक्ति में सराबोर होने जा रही है। आदिशक्ति जीण माता सेवा संघ, रांची की ओर से 8 और 9 अगस्त को दो दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरपूर यह आयोजन श्री दिगंबर जैन भवन (चौथा तल्ला), हरमू रोड में होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस अवसर पर संघ के नव निर्वाचित मुख्य संरक्षक मोहन लाल खूंटेटा और राम गोपाल अग्रवाल, संरक्षक विजय कुमार खूंटेटा एवं प्रमोद कुमार, संयोजक डॉ. गौरव मित्तल, अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर माँ जीण भवानी का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
8 अगस्त: निकलेगी भव्य निशान शोभायात्रा
महोत्सव के पहले दिन 8 अगस्त को सुबह 7.15 बजे माँ जीण भवानी का दिव्य अभिषेक और विशेष पूजन होगा। इसके बाद दोपहर 1.00 बजे भव्य निशान शोभायात्रा जीण माता मंदिर से प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा गाड़ीखाना, शनि मंदिर, बंशीधर आड़ूकिया लेन, रांची एक्सप्रेस, जैन मंदिर, पुस्तक पथ, गांधी चौक, नॉर्थ मार्केट, वेस्ट मार्केट, चूरूवाला, जे.जे. रोड और लोहिया चौक से होते हुये श्री दिगंबर जैन भवन, हरमू रोड पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ मां का स्वागत करेंगे।
9 अगस्त: भजनों और मंगल पाठ से गूंजेगा महोत्सव
दूसरे दिन 9 अगस्त को सुबह 11.15 बजे श्री गणेश पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद स्थानीय धार्मिक संस्थाओं की ओर से भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी।दोपहर 1:15 बजे पूज्य आनंद जी पारस के श्रीमुख से मंगल पाठ और भजनों की अमृत वर्षा होगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। इस वर्ष महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में 101 फीट लंबी माँ जीण भवानी की दिव्य चुनरी, 101 फीट का भव्य गजरा और 101 लाडलियों द्वारा दिव्य महाआरती शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि ये विशेष आयोजन श्रद्धालुओं के लिये अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बनेंगे। संघ के नव निर्वाचित मुख्य संरक्षक मोहन लाल खूंटेटा, संयोजक डॉ. गौरव मित्तल, अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अरुण खूंटेटा, सचिव राजेश खंडेलवाल, उपाध्यक्ष गिरीश रुंगटा, सह सचिव पंकज सिंघानिया सहित पूरी कार्यकारिणी महोत्सव की तैयारियों में जुटी हुई है। संघ ने रांची और आसपास के सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से इस पावन आयोजन में सपरिवार शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।






