Chouparan : पड़रिया पंचायत स्थित उच्च विद्यालय, ईगुनिया में बुधवार का दिन विद्यार्थियों के लिये खास बन गया। स्कूल परिसर में आयोजित साइकिल वितरण समारोह में बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कल्याण विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई 75 छात्र-छात्राओं को साइकिलें सौंपीं। साइकिल मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। विद्यालय पहुंचने पर विधायक का स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भरा रहा।
‘नियमित पढ़ाई ही सफलता की सबसे बड़ी चाबी’
समारोह को संबोधित करते हुये विधायक मनोज कुमार यादव ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने कहा, साइकिल मिलने से स्कूल आने-जाने में आसानी होगी। पढ़ाई ही वह ताकत है, जो न सिर्फ आपका बल्कि पूरे परिवार का भविष्य बदल सकती है। इसलिए मेहनत से पढ़ें और अपने सपनों को साकार करें।
स्कूल की समस्याओं से भी कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने स्कूल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी जायज मांगों पर सकारात्मक पहल करने और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री अरविंद सिंह ने किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रामस्वरूप पासवान, सहदेव प्रसाद यादव, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, मुखिया पप्पू रजक, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष रंजन सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामफल सिंह, प्रमोद सिंह, प्रकाश सिंह, करुणा चंद्रवंशी, सुबन सिंह, रामानंद पांडेय, राजकिशोर सिंह, महेश सिंह, अर्जुन सिंह, दिनेश सिंह, विद्यालय के प्राचार्य सुनील रजक, शिक्षक प्रदीप कुमार, आनंद पाल, विजय साव, मुकेश सिंह, सुरेंद्र दास, मनोज रवि, प्रसादी यादव, निर्मला कुमारी, प्रेमचंद तिर्की, अंजू, सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






