Ranchi : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 45–घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा कर दी है। वहीं, घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिये मतदान 11 नवंबर 2025 को और मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जायेगी। रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता केवल घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में लागू रहेगी।
घाटशिला उपचुनाव की प्रमुख जानकारियां
कुल 2,55,823 मतदाता, जिनमें पुरुष मतदाता – 1,24,899 एवं महिला मतदाता – 1,30,921। मतदान के दौरान सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी बढ़ाई जायेगी। 1200 से अधिक मतदाताओं वाले केंद्रों का युक्तिकरण (Rationalisation) किया गया है। अब घाटशिला में 218 लोकेशन पर कुल 300 मतदान केंद्र स्थापित होंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आयोग की प्राथमिकता शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया है कि चुनाव आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाये। इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार सहित कार्यालय के अन्य आला अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़े : बिहार के किस जिले में कब होगी वोटिंग… देखें लिस्ट
इसे भी पढ़े : गृहमंत्री के स्टाफ को परोसे गये गुलाब जामुन में मिला कांच का टुकड़ा, मचा तहलका…














