Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने गढ़वा में चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को गरीबों के खिलाफ प्रशासनिक दमन करार दिया है। उन्होंने इल्जाम लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर अधिकारी भयादोहन कर रहे हैं। विधायक ने प्रशासन को चुनौती दी कि यदि उनके पास अतिक्रमण हटाने का हाईकोर्ट का आदेश है, तो इसे सार्वजनिक करें। वर्ना यह अभियान तुरंत बंद किया जाये। उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुये कहा कि यदि उनमें दम है, तो कल्याणपुर में सीएनटी एक्ट के तहत 22 एकड़ मुसहरों की जमीन को खाली करवायें और गरीबों को उजाड़ने का काम बंद करें।
विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने गढ़वा के पुलिस अधीक्षक पर इल्जाम लगाया कि वे डंडे के बल पर गरीबों की जमीन खाली करवा रहे हैं। SP ठेकेदारों और अन्य अधिकारियों के इशारे पर गरीबों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने रंका विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि जब तक मुआवजा की राशि नहीं मिलती, तब तक अपनी जमीन न खाली करें और किसी भी प्रकार का निर्माण न होने दें।












