Ranchi : झारखंड जेपी जनता दल के संगठन मंत्री पंकज मिश्र ने सरकार से किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में योजनाएं बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने इल्जाम लगाया कि सरकार गठन के बाद से ऐसी कोई पहल नहीं की गई है कि जिससे किसानों को भला हो। अगर ऐसा होता तो सरकार द्वारा तय धान लैम्प्स और पैक्स के माध्यम से गोदाम तक पहुंच गया होता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पंकज मिश्र ने कहा कि सरकार की ओर से साठ लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया था, मगर अब तक महज छह लाख टन की ही खरीद हो पायी, जो लक्ष्य का मात्र छह फीसदी ही है। दरअसल सरकार के ढीले रवैये की वजह से बिचौलिये एक्टिव हो गये और तय कीमत 3150 प्रति क्विंटल के बजाये सोलह सौ रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद ले गये। किसान की ठीक से लागत तक नहीं निकल सकी। किसान की मेहनत पर बिचौलिये मालामाल हो गये। राज्य के कृषि मंत्री को यह नोटिस जरूर लेना चाहिये कि इसके लिये दोषी कौन है? पंकज मिश्र ने कहा कि जेपी जनता दल समाज के हर वर्गों के उत्थान और विकास की सोच रखता है। वहीं, सरकार को जगाना भी दल का मकसद है।












