Ranchi : झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल पर दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की गई। चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस, एक NGO और झारखंड भवन की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह झारखंड की एक वांटेड महिला मानव तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इसी अभियान में खूंटी की एक नाबालिग लड़की को भी तस्करों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला तस्कर के खिलाफ चाईबासा में 2023 से मानव तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। पुलिस कई बार उसे पकड़ने दिल्ली गई, लेकिन हर बार वह फरार हो जाती थी।
इस बार टीम ने कई दिनों तक उसके ठिकानों की निगरानी की। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने चाईबासा पुलिस को पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड भी दी है। छापेमारी के दौरान एक और संदिग्ध तस्कर को पकड़ा गया। उसके घर से खूंटी की एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया गया। बच्ची का मेडिकल कराया गया है और फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। जल्द ही उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया जायेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसी सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। रेस्क्यू किये गये बच्चों और महिलाओं का पुनर्वास कराया जायेगा और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जायेगा, ताकि वे फिर से तस्करों के जाल में न फंसें। विभाग के अनुसार, अब तक झारखंड के सैकड़ों बच्चों और महिलाओं को मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित उनके घर पहुंचाया जा चुका है।

इसे भी पढ़ें : भारत के लिए शानदार शनिवार, एक ही रोज में इतने मेडल…
इसे भी पढ़ें : तमाड़ में भाजपा की कार्यसमिति बैठक, ‘बूथ जीतो-चुनाव जीतो’ का दिया मंत्र
इसे भी पढ़ें : ओमान में फंसी प्रीति, CM का निर्देश, ऐसे हुई घर वापसी…
इसे भी पढ़ें : रांची में 7.80 करोड़ का जुर्माना… जानें
इसे भी पढ़ें : एक ही रात में भिड़ी 9 गाड़ियां, देखें डरावनी तस्वीरें…







