Ranchi : राजधानी रांची एक बड़े आदिवासी जुटान की गवाह बनने जा रही है। 30 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आदिवासी एकता महाजुटान रैली होगी। रैली को लेकर तैयारियां तेज हैं। इसी सिलसिले में रैली का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला। कांके रोड स्थित CM आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हेमंत सोरेन को रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का न्योता दिया।
आदिवासी अधिकारों का मुद्दा केंद्र में
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रैली के उद्देश्य से भी अवगत कराया। बताया गया कि झारखंड में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकार, अस्तित्व और पहचान से जुड़े मुद्दों को लेकर यह महाजुटान किया जा रहा है। सामाजिक हितों की रक्षा और आदिवासी समाज की एकजुटता भी रैली का प्रमुख एजेंडा रहेगा। रांची का मोरहाबादी मैदान इससे पहले भी बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजनों का गवाह रहा है। अब 30 अगस्त को यहां आदिवासी एकता महाजुटान रैली प्रस्तावित है। ऐसे में राजधानी की सियासत और सामाजिक हलकों की नजर इस आयोजन पर रहेगी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान शशि पन्ना, अजय तिर्की, रमा खलखो, अनिल पन्ना, ज्योत्सना केरकेट्टा, शिवा कच्छप, अनिल उरांव और पुष्कर बड़ाईक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।








