Garhwa (Nityanand Dubey) : हॉस्पिटल में एक 22 साल की प्रसूता ममता कुमारी की मौत के बाद घरवालों का गुस्सा उबाल पर आ गया। अस्पताल में खूब बवाल किया गया। वहीं, हॉस्पिटल के सामने एनएच 343 प्रसूता की डेड बॉडी रख रोड जाम कर दिया गया। करीब साढ़े चार घंटे तक सड़क जाम रहा। जिसके चलते दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। मृतिका गढ़वा थाना क्षेत्र के करके गांव की रहनेवाली थी। वहीं, हॉस्पिटल नारायणपुर गांव में है। हंगामे के फैली खबर के बाद गढ़वा के बीडीओ कुमुद कुमार झा और पुलिस मौके पर पहुंची। गुस्साए लोगों को शांत कर रोड से जाम हटवाया। वहीं, डेड बॉडी को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतिका के दाह संस्कार के लिए प्रशासन की ओर से परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये दिए गए। वहीं, अन्य सरकारी मदद देने का भरोसा दिया।
मृतका के गरवालों के अनुसार ममता कुमारी को शनिवार की शाम सदर अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। जांच के बाद उसे नार्मल डिलिवरी होने की बात कही गयी। इल्जाम है कि मंगलवार की सुबह में एक सहिया ने ममता कुमारी के घरवालों से कह दिया कि सदर अस्पताल में ठीक से प्रसव नहीं हो पाएगा। सहिया के कहने पर प्रसूता ममता कुमारी को लेकर उसके घरवाले निजी हॉस्पिटल चले गए। वहां उसे भर्ती करा दिया गया। वहां बताया गया कि सिजेरियन से ही डिलिवरी हो पायेगी। इसके एवज में उनसे 29 हजार रुपये जमा करा लिए गये। मंगलवार को सिजेरियन से डिलिवरी करायी गई। ममता ने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया गया कि मंगलवार की देर रात में प्रसूता ममता कुमारी की हालत बिगड़ने लगी। उस वक्त अस्पताल में कोई बी डॉक्टर मौजूद नहीं था। उसकी हालत बिगड़ती चली गई और सुबह करीब तीन बजे तक उसके शरीर में सुगबुगाहट भी बंद हो गई। इल्जाम है कि तब अस्पताल संचालक ने प्रसूता को बेहतर इलाज कराने की बात कहकर अपनी गाड़ी से मेदिनीनगर सदर अस्पताल ले गया। जहां जांच के बाद ममता कुमारी को मृत घोषित कर दिया गया। इधर, निजी अस्पताल का संचालक वहां से फरार हो गया।
ममता कुमारी की मौत की फैली खबर के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सुबह करीब आठ बजे से दोपहर 12:40 बजे तक सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोग हास्पिटल संचालक एवं उसके सभी स्टाफ को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे बीडीओ कुमुद कुमार झा ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया।
इसे भी पढ़ें : DGP का फरमान, अब मीडिया से केवल ये करेंगे बात…




