Bihar : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को राजधानी पटना में राजकीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किये गये। गांधी मैदान स्थित बापू की प्रतिमा पर गवर्नर और CM नीतीश कुमार ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इसके बाद शास्त्री नगर पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी की प्रतिमा पर भी मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध
कार्यक्रम के बाद एक अप्रत्याशित वाक्या सामने आया जब CM नीतीश कुमार वापस लौट रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़ते हुये उनके बिल्कुल करीब पहुंच गया। उसके हाथ में पीले रंग का एक लिफाफा था, जिसे वह मुख्यमंत्री को देना चाहता था। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुये उसे वहां से हटा दिया। गौर करने वाली बात ये है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में इस तरह की चूक पहले भी कई बार हो चुकी है।
क्या कहता है सुरक्षा प्रोटोकॉल?
CM की सुरक्षा में विशेष प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। मीडिया तक को सीमित पहुंच मिलती है, ऐसे में किसी आम व्यक्ति का सुरक्षा घेरा तोड़कर पास पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है। हालांकि, यह व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर ही आया था, लेकिन CM ने लिफाफा नहीं लिया और उसे सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत वहां से हटा दिया।








