Kohramlive : फुकेत से दिल्ली आने वाली उड़ान के एक पायलट के डोपिंग टेस्ट में मरिजुआना (गांजा) पॉजिटिव मिलने के बाद एयर इंडिया ने सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने अपने समूह के सभी पायलटों के लिए पूर्ण डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। एयर इंडिया ने कर्मचारियों को भेजे पत्र में कहा कि कंपनी पहले से ही DGCA के सभी नियमों का पालन करती है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को और मजबूत करने के लिये अब सभी पायलटों की व्यापक जांच की जायेगी, ताकि किसी भी गैर-अनुमत नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि हो सके। एयरलाइन के अनुसार डोप टेस्ट गुरुग्राम स्थित प्रशिक्षण अकादमी, उड़ान के बाद फ्लाइट ब्रीफिंग सेंटर और कंपनी के अन्य कार्यालयों में चरणबद्ध तरीके से कराया जायेगा। जांच सभी पायलटों के लिये अनिवार्य होगी।
सुरक्षा से समझौता नहीं: एयर इंडिया
कंपनी ने अपने संदेश में कहा कि यह पहल नियामक मानकों से आगे बढ़कर उठाया गया कदम है। इसका उद्देश्य यात्रियों, हितधारकों और समाज को यह भरोसा दिलाना है कि एयर इंडिया सुरक्षा और पेशेवर मानकों पर कोई समझौता नहीं करती। दशकों से अर्जित यात्रियों का विश्वास ही कंपनी की सबसे बड़ी पूंजी है और उसे बनाये रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।















