Ranchi : CBI ने रांची में CISF के क्षेत्रीय कार्यालय के तीन अकाउंट अफसरों को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तीनों पर 48 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद CBI ने रांची और धनबाद में इनके पांच ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपियों में सीनियर अकाउंट्स अफसर संतोष कुमार महतो, असिस्टेंट अकाउंट्स अफसर सुनील कुमार और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। मामला NTPC प्रयागराज में तैनात एक हेड कांस्टेबल की शिकायत से जुड़ा है। इल्जाम है कि CISF के क्षेत्रीय कार्यालय के अकाउंट्स अफसर उनसे TA, बच्चों की शिक्षा भत्ता (Children Education Allowance) समेत दूसरे बिलों के भुगतान के लिए रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद CBI ने प्रारंभिक जांच की। आरोप सही पाये जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद राज्य सरकार से आवश्यक अनुमति लेकर जाल बिछाया गया।
48 हजार रुपये लेते ही CBI ने दबोचा
गुरुवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपियों को 48,400 रुपये दिये। रकम हाथ में लेते ही CBI की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद CBI ने आरोपियों के रांची और धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान धनबाद स्थित एक ठिकाने से नकद राशि बरामद होने की बात सामने आई है। फिलहाल बरामद रकम की गिनती की जा रही है।
CBI Arrests Three Officials of Regional Pay & Accounts Office, CISF, Ranchi in Bribery Case pic.twitter.com/6DbB6u0FP0
— Central Bureau of Investigation (India) (@CBIHeadquarters) August 27, 2026







