Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस-2 सेक्शन में हॉट मेटल चार्जिंग के दौरान रविवार को गंभीर हादसा हुआ। काम के दौरान अचानक भारी मात्रा में हॉट मेटल तीन कर्मचारियों पर गिर पड़ा, जिससे सभी बुरी तरह झुलस गये। घायलों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है और मशीनों के मेंटेनेंस में लापरवाही बरती जा रही है। सिटी DSP आलोक रंजन ने बताया कि मामला प्लांट के नियमों के तहत जांच में है और पुलिस नजर बनाये हुये है।
बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि प्लांट में लगातार हादसे चिंता का विषय हैं और इस घटना की उच्च स्तरीय जांच जरूरी है। कभी देशभर को ऑक्सीजन सप्लाई कर जीवन बचाने वाला यह स्टील प्लांट अब अपने ही कर्मियों की सुरक्षा पर सवालों के घेरे में है।








