Ranchi : राजधानी रांची(Ranchi) के लोधमा स्थित टिटोस रेस्टोरेंट(Tito’s Restaurant) में गोली दाग एक जिंदगी छीन वाले मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बात का खुलासा करते हुये पुलिस(Ranchi Police) ने बताया कि टिटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह ने इंटरनेट कॉल के जरिये धमकी दी थी। गिरोह की ओर से एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। पैसा नहीं देने पर लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
Tito’s Restaurant में 7 मार्च को हुई फायरिंग
बीते 7 मार्च को गैंग के गुर्गों ने टिटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग कर दी। गोली लगने से रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में केस (कांड संख्या 12/26) दर्ज किया गया। रांची पुलिस(Ranchi Police) कप्तान राकेश रंजन ने शूटर के खोज निकालने के इरादे से SIT टीम बनाई। SIT ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान मुख्य शूटर के रूप में सचिन यादव की पहचान हुई। लगातार छापेमारी के बाद 28 मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सचिन की निशानदेही पर एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोलियां एवं घटना के समय पहने गये कपड़े बरामद किये गये। गिरफ्तार सचिन यादव धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र के करकेन्द बाजार का रहनेवाला है। उसके पिता का नाम स्व. पवन यादव है। सचिन यादव का पुराना रिकॉर्ड भी बहुत बढ़िया नहीं है। उसके खिलाफ पहले से जोगता, राजगंज, बैंक मोड़ एवं पुटकी थाने में केस दर्ज है। SIT में DSP प्रमोद कुमार मिश्रा, अरगोड़ा के थानेदार अनिल कुमार तिवारी, नामकुम के थानेदार रामनारायण सिंह, जगरन्नाथपुर के थानेदार दिग्विजय सिंह, तुपुदाना के थानेदार सिद्धांत, एयरपोर्ट के थानेदार पंकज कुमार शर्मा, रूपेश कुमार, सत्याम कुमार एवं टेक्निकल सेल के शाखा प्रभारी शाह फैसल शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड BJP की नई टीम का ऐलान, इन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारी…














