Ranchi(Akhilesh Kumar) : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के नाम पर लोगों को फंसाकर लूटने और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सानिया प्रवीण, मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हैदर और वसीम का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामला तब सामने आया जब 25 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसके मुताबिक, उसे मसाज के बहाने घर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने मारपीट कर उससे 46 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली। इसके बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 5 लाख रुपये की डिमांड की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाई। तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुये हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह लोगों से फोन पर संपर्क कर उन्हें मसाज के बहाने घर बुलाता था। वहां मारपीट कर वीडियो बनाया जाता और फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूले जाते थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में फरार बेबी प्रवीण की तलाश जारी है।





