Ranchi : आखिरकार 10 दिनों बाद लापता रश्मि कंस्ट्रक्शन के सुपरवाइजर विजय कुमार दास का शव कुएं से बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध, शादी का दबाव और फिर इंकार, इन्हीं सबके बीच एक खौफनाक साजिश रची गई और युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की कथित प्रेमिका भी शामिल है। विजय की लाश राजधानी रांची के बेड़ो इलाके से मिली। मृतक विजय कुमार दास सरायकेला-खरसावां के सितु गांव के रहने वाले थे। वे 24 फरवरी की रात बाइक लेकर घर से निकले थे और इसके बाद से लापता थे। परिवार की शिकायत पर दलादली ओपी में मामला दर्ज हुआ। पुलिस जांच के दौरान बेड़ो के टेंगरिया गांव स्थित एक कुएं से उनका शव बरामद किया गया। शव मोटरसाइकिल से बंधा हुआ था। रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुये रुरल SP प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई। टेक्निकल सेल और कुछ लोगों से पूछताछ से यह खुलासा हुआ कि विजय दास का रौशनी देवी नाम की महिला से प्रेम संबंध था। रौशनी लगातार विजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी। विजय शादी से इंकार कर रहे थे। इसके बाद रौशनी ने अपनी बहन और भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार रौशनी विजय को बेड़ो इलाके में अपने नवनिर्मित घर ले गई। वहां शराब पिलाकर उन्हें नशे में कर दिया गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर पहले गला काटा और फिर पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी। शव को बोरे में भरकर मोटरसाइकिल से बांधा और टेंगरिया गांव के कुएं में फेंक दिया। इस हत्या में शामिल रौशनी देवी उसकी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश बैठा को अरेस्ट कर लिया है। इनके पास से 4 मोबाइल फोन, मृतक की HF Deluxe मोटरसाइकिल (JH01ES0377) एवं हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
इसे भी पढ़ें : विश्व कप के हीरो को मिलेगा बड़ा सम्मान, पत्नी के नाम लिखा दिल छू लेने वाला संदेश…










