Chouparan(Krishna Paswan) : बीते कई रोज से अंधेरे में डूबा चौपारण का भंडार गांव आज जगमगा उठा। गांव की गलियों में जब बिजली की पहली चमक फैली, तो हर चेहरे पर एक नई मुस्कान खिल उठी। यह रोशनी विधायक मनोज कुमार यादव की पहल से आई। ग्रामीणों ने बताया कि पुराने ट्रांसफार्मर के खराब हो जाने के बाद गांव कई हफ्तों से अंधेरे में था। बच्चों की पढ़ाई रुक गई थी, खेतों का काम ठप, और रातें मानो लंबी हो गई थीं। तब लोगों ने उम्मीद की डोर थामी और सीधे अपने विधायक तक बात पहुंचाई। विधायक मनोज कुमार यादव ने ग्रामीणों की पुकार सुनी, बिना देर किये बिजली विभाग से संपर्क साधा और 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर तुरंत उपलब्ध कराया। आज उसी ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के साथ, भंडार गांव के घर-आंगन फिर से रोशनी में नहा उठे। उद्घाटन के मौके पर ग्रामीणों ने विधायक का दिल से आभार जताया।
इसी बीच उन्होंने एक और दर्द साझा किया, घरसरी में पुल बनाने की मांग रखी। बरसात में यह इलाका मुख्यालय से कट जाता है, लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई झेलनी पड़ती है। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या पर काम जारी है। आपकी परेशानी, मेरी प्राथमिकता है। मौके पर स्थानीय मुखिया कृष्णा रविदास, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि पहलवान उर्फ भुनेश्वर यादव, भाजपा नेता रामस्वरुप पासवान, विकास यादव, सतेंद्र सिंह, सियाराम सिंह, राजकुमार यादव सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।












