Garhwa : गढ़वा में ‘आइये खुशियां बांटें’ अभियान, के अपने 17वें दिन में ठंड से कंपकंपा रहे करीब 500 जरूरतमंदों को ऊनी और गर्म वस्त्र देकर राहत पहुंचाई। सदर SDO संजय कुमार की पहल पर चल रहे इस अभियान के चरण में उडसुगी पंचायत के उरांव बहुल बस्ती करौंदा टोला और मेराल प्रखंड SC बहुल इलाका करकोमा पंचायत के रिजर्व टोला पहुंची। यहां पहले जरूरतमंद परिवारों की पहचान की गई, फिर स्वेटर, जैकेट, शॉल, टोपी और मोजे जैसे गर्म कपड़े बांटे गये। बच्चों की ठिठुरती हथेलियों से लेकर बुजुर्गों की कांपती देह तक हर किसी को मिली सर्दी से जंग लड़ने की ताकत।
चेहरों पर लौटी मुस्कान
गर्म कपड़े पाकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के चेहरों पर जो मुस्कान उभरी, वही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता रही। कई बुजुर्गों ने कहा, “अब रात जरा सुकून में बितेगा।” SDO संजय कुमार ने बताया कि यह अभियान पिछले 17 दिनों से लगातार जिले की वंचित बस्तियों में चल रहा है और अब तक हजारों जरूरतमंदों को राहत दी जा चुकी है। इस मुहिम के पीछे प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय व्यापारी, समाजसेवी, दानवीर, सामाजिक संगठन भी पूरी निष्ठा से जुटे हुये हैं। SDO ने कहा कि यह अभियान प्रशासन और समाज के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि इस सर्दी में कोई भी जरूरतमंद उपेक्षित न रहे और हर चेहरे तक इंसानियत की गर्माहट पहुंचे। उन्होंने सक्षम लोगों से आगे आकर इस अभियान से जुड़ने की भी अपील की। वस्त्र वितरण के दौरान मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, साबिर अंसारी (साबिर वस्त्रालय), रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, अनिल कुमार, प्रिंस कुमार, रमेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






