Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में सदर SDO संजय कुमार की पहल से चल रहा ‘आइये खुशियां बांटें’ अभियान अपने 26वें दिन भी पूरे जज्बे के साथ जमीन पर उतरा। क्रिसमस के पावन अवसर पर जिले के चार वंचित और श्रमिक बहुल क्षेत्रों में 500 से अधिक लोगों के बीच गर्म कपड़े, चप्पल एवं बच्चों के लिये कॉपी–पेन बांटे गये। अभियान के क्रम में सबसे पहले भौंराहा क्षेत्र की जंगलों में बसी कोरवा आदिम जनजाति की बस्ती में रहने वाले बच्चे, महिलायें, बुज़ुर्ग सभी को कड़ाके की ठंड से बचाव के लिये गर्म वस्त्र मिले। इसके बाद टीम गोबरदाहा की हरिजन बस्ती पहुंची, यहां के जरूरतमंद को भी गर्म कपड़े दिये गये। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर टीम बीती देर रात दो ईंट भट्टों पर पहुंचकर दिन–रात मेहनत करने वाले श्रमिक परिवारों और बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किये। अचानक मिली इस मदद से ठंड में सिकुड़े चेहरों पर सुकून और अपनापन साफ झलक रहा था।
SDO संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल सामान बांटने का जरिया नहीं है। यह समाज के सबसे कमजोर वर्ग को यह भरोसा दिलाने का प्रयास है कि प्रशासन और समाज उनके साथ खड़ा है। क्रिसमस जैसे त्योहार पर किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है। SDO ने बताया कि ठंड को देखते हुये यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि आगे आयें और अपने आसपास के जरूरतमंदों को पहचानें और इस मानवीय मुहिम का हिस्सा बनें।




