Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा का यासीन मिल्लत इंटर कॉलेज के लिये शनिवार कुछ खास रहा। शासी निकाय की बैठक में अध्यक्ष के रूप में पहुंचे सदर SDO संजय कुमार ने ऐसा काम कर दिखाया, जिसकी चर्चा पूरे परिसर में गूंजती रही। बैठक से पहले उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण किया, वहीं, करीब एक घंटे तक खुद कक्षा में उतरकर शिक्षक की भूमिका निभाई।कक्षा 11वीं के विज्ञान और कला, दोनों सेक्शन में पहुंचे SDO संजय कुमार ने छात्रों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई की जमीनी हकीकत परखी। विज्ञान वर्ग में छात्रों ने फिजिक्स का टॉपिक “डाइमेंशन विधि से फॉर्मूला डेरिवेशन” समझाने की मांग की। SDO ने हिंदी माध्यम में सरल भाषा और उदाहरणों के साथ पूरा टॉपिक पढ़ाया। कला वर्ग में संस्कृत की छात्राओं ने संस्कृत रूप और लकार से जुड़ी बुनियादी जानकारी स्पष्ट करने को कहा। यहां भी SDO ने खुद खड़े होकर संस्कृत व्याकरण की नींव मजबूत की।
पढ़ाते वक्त SDO ने की छात्रों से सवाल पूछे, जवाब सुने और समझ का स्तर परखा। फिजिक्स में सटीक उत्तर देने पर छात्र अभिमन्यु कुमार को मौके पर पुरस्कृत भी किया गया, जिससे कक्षा में उत्साह दोगुना हो गया। अध्यापन के दौरान SDO संजय कुमार ने महसूस किया कि छात्रों की बुनियादी समझ अपेक्षा से कमजोर है। इस पर उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों को साफ शब्दों में कहा, कक्षा 11वीं छात्रों के जीवन की नींव है। यहीं से भविष्य की दिशा तय होती है। पढ़ाई में कोई समझौता नहीं चलेगा। SDO ने छात्रों से कहा, नियमित पढ़ाई करें, सवाल पूछने से न हिचकें, आत्मविश्वास बनाये रखें, वहीं शिक्षकों से अपील की विषयों को रोचक और व्यावहारिक तरीके से पढ़ायें, सिर्फ सिलेबस नहीं, समझ पर फोकस करें।






