Palamu : मिले एक क्लू पर पिपराही जंगल में घुसी पलामू पुलिस ने रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक शक्तिशाली लैंडमाइन और दो हथियार बरामद किये हैं। इनमें देसी राइफल और देसी पिस्तौल शामिल हैं। इसके साथ ही पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के मायापुर के रहने वाले उमेश भुईयां और चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरा के रहने वाले फिरोज अंसारी को भी अरेस्ट किया गया है। पकड़े गये फिरोज अंसारी का नक्सली इतिहास रहा है। फिरोज नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद का सदस्य रहा चुका है। पलामू SP रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान लैंडमाइन और हथियार मिले। पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया है, ताकि लैंडमाइन को निष्क्रिय किया जा सके। बरामद लैंडमाइन नया है या पुराना, इसकी जांच की जा रही है। जिस क्षेत्र से यह बरामद हुआ है, वह भाकपा माओवादी, झारखंड जन मुक्ति परिषद और तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी जैसे प्रतिबंधित नक्सली संगठनों का प्रभाव वाला इलाका रहा है।












