New Delhi : दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में सोमवार को एक सनसनीखेज और हृदयविदारक वारदात हुई। घर की माली हालत ठीक नहीं रहने के चलते एक युवक ने अपनी ही मां, बहन और छोटे भाई को मार डाला। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद संदेही गुनहगार खुद लक्ष्मी नगर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान यशवीर के रूप में हुई है। मृतकों में 46 साल की उसकी मां कविता, 24 साल की बहन मेघना और 14 साल का छोटा भाई मुकुल शामिल हैं। यह परिवार एक साथ मंगल बाजार रोड स्थित किराये के मकान में रहते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने मीडिया को बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे यशवीर थाने पहुंचा और खुद को अपराध में शामिल बताया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि परिवार की खराब आर्थिक स्थिति और कर्ज के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। शुरूआती जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया, जिससे वे बेहोश हो गये। इसके बाद गला दबाकर हत्या की गई। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। घटना के बाद से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है, वहीं, लोग यह सोचने को मजबूर हैं कि आर्थिक दबाव किस हद तक इंसान को अमानवीय बना सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।












