Koderma : CM हेमंत सोरेन गुरुवार को झामुमो के सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने कोडरमा पहुंचे। लोकाई मैदान में सियासी जोश अपने चरम पर दिखा। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने झामुमो की सदस्यता ली। CM ने स्वयं नये सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। लोकाई सभा स्थल पर पहुंचते ही CM हेमंत सोरेन का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इससे पहले सभी नेताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच पर शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुये CM हेमंत सोरेन ने राज्य में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के जरिये झारखंड की महिलायें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। CM ने जोर देकर कहा कि झारखंड विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि विदेशी निवेशक राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखा रहे हैं। इसके दूरगामी और सकारात्मक परिणाम जल्द ही नजर आयेंगे। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झामुमो पर लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। पार्टी में शामिल हो रहे लोग सरकार के कामकाज पर मुहर लगा रहे हैं।










