Ranchi(Kuldeep Tiwari): झारखंड की सियासत में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन विस्तार की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में ओरमांझी प्रखंड के इरबा स्थित JLKM प्रखंड कार्यालय में सदस्यता ग्रहण सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी की नीति और सिद्धांतों से प्रभावित होकर करीब दो दर्जन लोगों ने JLKM की सदस्यता ग्रहण की। नये चेहरों के पार्टी से जुड़ते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आने वाले दिनों में विस्तार अभियान को धार देने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मो. साबिर अंसारी ने की, वहीं, मंच का संचालन रेबजूल अंसारी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष शाकिर अंसारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने शाकिर अंसारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें माला पहनाने के साथ बुके भेंट किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
‘पंचायत से प्रखंड तक संगठन को करेंगे मजबूत’
मुख्य अतिथि शाकिर अंसारी ने कहा कि संगठन को पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति और सिद्धांतों से प्रभावित होकर लोगों का JLKM से जुड़ना संगठन के लिये महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संगठन विस्तार को लेकर व्यापक अभियान चलाया जायेगा, ताकि पार्टी की पहुंच गांव और पंचायत स्तर तक और मजबूत हो सके। शाकिर अंसारी ने बताया कि जल्द ही एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसमें झारखंड के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी सुप्रीमो टाइगर जयराम महतो के भी शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की बात है। ऐसे में आगामी कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में अभी से उत्साह दिखाई दे रहा है। सदस्यता ग्रहण करने वालों में साबिर अंसारी, मेशज अंसारी, जुबेर अंसारी, नसीम अंसारी (छोटे), महमूद अंसारी, तलहा अंसारी, कुतुबुद्दीन अंसारी, सम्मी अंसारी, ऐजाज अंसारी, महताब अंसारी, आशिक अंसारी, अबु रेहान अंसारी, शमिम अंसारी (बड़े), दिल अंसारी, हलीम अंसारी, तबारक अंसारी, हजरत अंसारी और बलावत अंसारी समेत अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।





