Ranchi : झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री और चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा अब साइबर क्रिमिनल्स के निशाने पर हैं, उनके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। इस नकली पेज के जरिये लोगों से पहले मोबाइल नंबर मांगा जा रहा है, फिर खुद को किसी CRPF अधिकारी का परिचित बताकर सेकेंड हैंड घरेलू सामान सस्ते दाम में बेचने का झांसा दिया जा रहा है।
ठग यह कहानी गढ़ रहे हैं कि अधिकारी का तबादला हो गया है, इसलिए सामान जल्द बेचना है। मंत्री के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश की जा रही है। मंत्री दीपक बिरुवा ने खुद सोशल मीडिया पर साफ किया है कि यह पेज पूरी तरह फर्जी है और उसका उनसे या उनके कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी अकाउंट से लेन-देन न करने की अपील की है। मामले की शिकायत झारखंड पुलिस को दी गई है। मंत्री ने इसे जनप्रतिनिधि की पहचान के दुरुपयोग और संगठित साइबर ठगी की साजिश बताया है। पुलिस के अनुसार, इस तरह के फर्जी अकाउंट से पहले भी कई लोग ठगे जा चुके हैं। साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि सरकारी पद, सेना या सुरक्षा बल का हवाला देने वाले अनजान कॉल या मैसेज से तुरंत सतर्क रहें और ऐसे अकाउंट को तुरंत रिपोर्ट करें।








