Jamshedpur : झारखंड के स्वास्थ्य इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। आदित्यपुर की धरती पर नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में MBBS प्रथम बैच का शुभारंभ हुआ, इसके साथ ही उम्मीदों के दरवाजे भी खुल गये। समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से मौजूद CM हेमंत सोरेन मुख्य ने कहा कि नये मेडिकल कॉलेज और अस्पताल राज्य को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक इलाज की ओर ले जायेंगे। CM ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना ऐतिहासिक है। इससे न सिर्फ शिक्षा का माहौल बनेगा, बल्कि इलाज के लिये भटकना भी कम होगा। उन्होंने कहा, ऐसे संस्थान झारखंड को आत्मनिर्भर स्वास्थ्य व्यवस्था की ओर ले जाते हैं। MBBS प्रथम बैच में नामांकित विद्यार्थियों को बधाई देते हुये CM हेमंत सोरेन ने कहा कि हर साल यहां नया बैच आयेगा। 5 साल में यह कॉलेज पूरी तरह आकार ले लेगा। जब आप यहां से निकलेंगे, समाज को आपसे बहुत उम्मीदें होंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि आप बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।
CM हेमंत सोरेन ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में हेल्थ इको सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। बेहतर पढ़ाई + आधुनिक चिकित्सा = मजबूत झारखंड। सरकार का फोकस मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर एवं योग्य चिकित्सक है। अभी मेडिकल कॉलेजों की संख्या सीमित है। अगले 5 वर्षों में इसे 25 से 30 तक ले जाने का लक्ष्य है। CM हेमंत सोरेन बोले कि चुनौतियां होंगी, लेकिन चुनौतियों में ही काम करने का असली आनंद है। डॉक्टरों का आना-जाना स्वाभाविक है, लेकिन झारखंड में ज्यादा से ज्यादा अच्छे डॉक्टर और संस्थान आयें। इसके लिये स्वास्थ्य संरचना को हर स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह, कॉलेज अध्यक्ष मदन मोहन सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।










