Ranchi : नई दिल्ली में झारखंड सरकार की एक अहम पहल के तहत उद्योग सचिव अरवा राजकमल और ज़ियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने जापान की प्रमुख संस्थाओं के साथ रणनीतिक बैठकों का दौर चलाया। इस पहल का मकसद राज्य के समग्र विकास को नई रफ्तार देना है। सबसे पहले, JICA (जापानी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी) की अपर मुख्य विकास विशेषज्ञ अदिति पुरी से मुलाकात हुई। JICA ने झारखंड के औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य ढांचे और कौशल प्रशिक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में सहयोग की गहरी रुचि दिखाई।
इसके बाद, JETRO (जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन) के इंडिया प्रमुख सुजुकी ताकाशी से भी सकारात्मक चर्चा हुई। JETRO ने राज्य को जापानी निवेशकों से जोड़ने का भरोसा दिलाया। दोनों पक्षों ने नये निवेश अवसरों के लिए आउटरीच कार्यक्रमों पर सहमति जताई।
अंतिम बैठक NEC कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी रयोहेई आइबा के साथ हुई। चर्चा में IT समाधान, दुर्लभ खनिजों के डिजिटल खनन और राज्य में जापानी भाषा अकादमी खोलने जैसे संयुक्त उपक्रमों पर विचार हुआ। NEC ने झारखंड की डिजिटल परिवर्तन यात्रा में साझेदारी की गहरी इच्छा जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार वैश्विक सहयोग और निवेश की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रही है, ताकि झारखंड को एक नई औद्योगिक पहचान मिल सके।
इसे भी पढ़ें : 8 साल पहले जहां समाये थे बाप-बेटे, फिर वहीं समा गई 407…
इसे भी पढ़ें : DGP ने की हाई लेवल मीटिंग, नये कानूनों को लागू करने की तैयारी तेज…






